News Saga Desk
गढ़वा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी करवाई करते हुए भंडरिया अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह करवाई उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर की गई है।
मामला 3 फरवरी को आयोजित जिला जनता दरबार में प्राप्त एक लिखित शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मौजा जनेवा की जमीन (खाता संख्या 111, प्लॉट संख्या 863, रकबा 4.28 एकड़) से संबंधित जांच रिपोर्ट भेजने के बदले संबंधित कर्मचारी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत के साथ कॉल रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत की गई थी।
इस मामले की जांच अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा की गई। जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए और संबंधित कर्मचारी द्वारा पैसे की मांग स्वीकार किए जाने की पुष्टि हुई। इसे सरकारी आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के तहत निलंबन की करवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान शिवपत राम का मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही भंडरिया के अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि शीघ्र आरोप पत्र तैयार कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जाए। उपायुक्त दिनेश यादव ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मी किसी कार्य के बदले पैसे की मांग करता है तो बिना भय के इसकी सूचना प्रशासन को दें।
No Comment! Be the first one.