आरबीआई के फैसले से पहले शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 269 अंक चढ़ा

NEWS SAGA DESK

मुंबई : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के फैसले से पहले शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में मजबूती का रुख देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 269.93 अंक की बढ़त के साथ 74,629.94 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 62.40 अंक मजबूत होकर 23,478.95 अंक पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 13.84 अंक बढ़कर 74,360.01 और निफ्टी 10.95 अंक की बढ़त के साथ 23,416.55 अंक पर बंद हुआ था।

शुरुआती कारोबार में टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इटरनल और अडानी पोर्ट्स के शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर टाटा स्टील, ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट देखी गई।

वैश्विक बाजारों की बात करें तो अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को जोरदार तेजी रही। डाउ जोंस रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। हालांकि एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक दबाव में रहा, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों की नजर पूरी तरह आरबीआई की मौद्रिक नीति और गवर्नर के बयान पर टिकी हुई है। ब्याज दरों को लेकर लिए जाने वाले फैसले और भविष्य के आर्थिक संकेत बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में 4,447.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। इसके बावजूद घरेलू संकेतों और निवेशकों की खरीदारी से बाजार में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

Read More News

भारतमाला परियोजना में दुलमी को बड़ी सौगात, कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल को मंजूरी

भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे...

Read More