नगर निकाय चुनाव से पहले अवैध शराब पर सख्ती, उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

News Saga Desk

रामगढ़: नगरपालिका चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार, 5 फरवरी 2026 को उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ सघन एवं व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद श्री अरविन्द कुजूर के निर्देशन में की गई।

उत्पाद विभाग की टीम ने रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कांकेबार, गोसा और रानी बागी सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कई अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट किया। इस दौरान करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान कांकेबार निवासी राहुल कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह अभियान अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें अधीनस्थ उत्पाद बल और प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों का सहयोग रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Read More News

Read More