मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

News Saga Desk

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान उन्होंने सादगी को प्राथमिकता दी और बिना किसी तामझाम, रैली या भीड़ के केवल अपने कुछ समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं।

नामांकन से पहले सुधा गुप्ता ने अपने आवास पर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद पति बन्ना गुप्ता के साथ कदमा स्थित रंकणी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके उपरांत मानगो के बड़ा हनुमान मंदिर में भी उन्होंने विधिवत पूजा की। पूजा-अर्चना के बाद सुधा गुप्ता मानगो के स्वर्णरेखा भवन स्थित कार्यालय से अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ, पति बन्ना गुप्ता के बिना, सादे तरीके से नामांकन दाखिल करने डीसी कार्यालय पहुंचीं।

विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि बने प्रस्तावक

नामांकन के दौरान विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रतिनिधि प्रस्तावक के रूप में मौजूद रहे। मुस्लिम समाज से करीम सिटी के पूर्व प्राचार्य डॉ. मोहम्मद जकारिया, सिख समाज से मानगो गुरुद्वारा के प्रधान भगवान सिंह, ब्राह्मण समाज से बिपिन झा, वैश्य समाज से भगवान प्रसाद एवं ऑल इंडिया रौनियार वैश्य महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लीला गुप्ता, क्रिश्चियन समाज से डेविड पूर्ति तथा विश्वकर्मा समाज से राजेश शर्मा प्रस्तावक के रूप में उपस्थित रहे।

जनता की सुविधा को बताया प्राथमिकता

नामांकन के बाद सुधा गुप्ता ने कहा कि यह चुनाव उनके लिए किसी पद का नहीं, बल्कि मानगो की हर बेटी, हर मां और हर परिवार के सपनों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

बिना रैली के नामांकन को लेकर पूछे गए सवाल पर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो की जनता को जाम से राहत दिलाने के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा फ्लाईओवर निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, सड़कें संकीर्ण हैं और बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं। ऐसे में यदि हजारों की संख्या में कार्यकर्ता आते तो यातायात बाधित होता और आम जनता को परेशानी होती। इसी कारण उन्होंने तय किया कि जनता को असुविधा न हो, इसलिए केवल समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ ही नामांकन किया जाए।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More