वीबी-जी राम जी विधेयक 2025 पर सुखदेव भगत का तीखा हमला, बोले-गांधी का नाम हटाकर किया गया अपमान

News Saga Desk

संसद से ‘विकसित भारत–जी राम जी विधेयक, 2025’ पारित होने के बाद कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। झारखंड के लोहरदगा से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने इस विधेयक को लेकर भाजपा और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या से जुड़े दिनों को याद करते हुए कहा कि जिस विचारधारा से भाजपा जुड़ी है, उसी से जुड़े लोगों ने 1948 में गांधीजी की हत्या की थी और अब सरकार ने योजनाओं से गांधी का नाम हटाकर उन्हें दोबारा अपमानित किया है।

सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा को गांधी और नेहरू के नाम से समस्या है, इसलिए योजनाओं से उनके नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था काफी हद तक निर्भर थी। अगर सरकार की मंशा सही होती तो वह योजना की कमियों को दूर कर उसे और प्रभावी बना सकती थी, लेकिन सरकार का असली उद्देश्य केवल गांधीजी का नाम हटाना था। भगत ने ये बातें न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहीं। इस बयान का वीडियो भी सामने आया है।

गौरतलब है कि संसद ने गुरुवार को विपक्ष के विरोध के बीच ‘विकसित भारत–जी राम जी विधेयक, 2025’ को मंजूरी दे दी। इस पर ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने बापू के आदर्शों की हत्या की, जबकि मोदी सरकार उन्हें जीवंत रख रही है। चौहान ने दावा किया कि नया विधेयक महात्मा गांधी के आदर्शों पर आधारित है और विकसित गांव के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक कदम है।

Read More News

Read More