पश्चिम एशिया संकट के बीच पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य : केंद्र सरकार

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :- केंद्र सरकार ने सोमवार को स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और स्थिर बनी हुई है। सरकार ने कहा कि रिफाइनरियां अपनी पूर्ण क्षमता से काम कर रही हैं तथा कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध है।

नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में सुजाता शर्मा ने बताया कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता की स्थिति नहीं है। सभी रिफाइनरियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और आवश्यक भंडारण भी बनाए रखा गया है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ रिटेल पेट्रोल पंपों पर ईंधन की बिक्री में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण यह है कि औद्योगिक, संस्थागत और व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने थोक खरीद के बजाय रिटेल आउटलेट्स से ईंधन खरीदना शुरू कर दिया है। मई माह के दौरान लगभग 42 करोड़ लीटर डीजल की बिक्री थोक चैनलों से स्थानांतरित होकर रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से हुई, जिससे बिक्री के आंकड़ों में वृद्धि दिखाई दी।

प्रेस वार्ता में ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि एलएनजी कैरियर दिशा 62,370 मीट्रिक टन एलएनजी कार्गो लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर चुका है। इसके 18 जून को दहेज पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि पोत परिवहन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, विदेशों में भारतीय मिशनों, शिपिंग कंपनियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।

सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों के तहत अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बनी है। इस समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।

केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Read More News

Read More