News Saga Desk इस वर्ष 27 से 29 नवंबर, 2025 तक होने वाले 10वें पैन आईआईम वर्ल्ड मैनेजमेंट कांफ्रेंस की मेजबानी भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची (आईआईएम रांची) करेगा। इस वर्ल्ड मैनेजमेंट कांफ्रेंस में विभिन्न देशों से शिक्षाविद, नीति विचारक और उद्योग जगत के जाने-माने चेहरे शामिल होंगे। प्रत्येक वर्ष इस कांफ्रेंस की जिम्मेवारी अलग-अलग आईआईएम संस्थानों को दी जाती है, जिससे प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी वैश्विक चर्चा और मंथन हो सके। कांफ्रेंस के दौरान प्रबंधन जगत व शिक्षा से जुड़े शोधार्थियों को अपने शोधपत्र पेश करने का अवसर मिलेगा। 10वें पैन आईआईएम वर्ल्ड मैनेजमेंट कांफ्रेंस में देशभर के आईआईएम संस्थानों के अलावा देश-विदेश के बिजनेस स्कूलों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। कांफ्रेंस का संचालन हाईब्रीड मोड में किया जायेगा।
10वें पैन आईआईएम वर्ल्ड मैनेजमेंट कांफ्रेंस 2025 का विषयः “प्रबंधन अनुसंधान के माध्यम से सामाजिक प्रभाव को आगे बढ़ाना” तय किया गया है। जो, सामाजिक स्थिरता, समावेशन और सामाजिक परिवर्तन को प्रबंधन के दृष्टिकोण से प्रभावी और सशक्त बनाने में कारगर सिद्ध होगी। साथ ही बदलते दौर में तकनीकी बदलाव, आपातकाल और समाज में बढ़ती असमानता के प्रतिकूल संवाद, विचार और बदलाव की पहल को बढ़ावा देगा। कांफ्रेंस के दौरान तकनीकी सत्र, शोध प्रस्तुति और परिचर्चा सत्र का आयोजन होगा। जिसमें प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े शिक्षाविद अपने ज्ञान का आदान-प्रदान करने के साथ न्यायसंगत और भविष्य योजनाओं की रणनीति तय कर सकेंगे।
कांफ्रेंस में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी या शोधार्थी अपना शोधपत्र 15 जुलाई, 2025 तक वेबसाइट https://paniim2025.iimranchi.ac.in के जरिये जमा कर सकेंगे। चयनित होने वाले शोधपत्र की सूचना 31 जुलाई 2025 को साझा की जायेगी। इसके साथ ही शोधार्थी कांफ्रेंस के लिए अपना पंजीयन 31 जुलाई 2025 से कर सकेंगे। पंजीयन करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2025 तय की गयी है।
इन विषयों पर साझा कर सकेंगे शोधपत्र
इकोनॉमिक्स, फाइनांस एंड एकाउंटिंग, इंफॉर्मेशन सिस्टम एंड बिजनेस एनालिटिक्स, रिस्पांसिबल बिजनेस, मार्केटिंग, ऑर्गेनाइजेशन बिहेवियर एंड ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, क्वांटिटेटिव मैथड्स एंड ऑपरेशन्स मैनेजमेंट, स्ट्रैटेजी एंड इंटरप्रेन्योरशिप समेत मल्टीडिसिप्लिनरी स्टडीज जैसे विषयों पर प्राध्यापक, शिक्षाविद व शोधार्थी अपने शोधपत्र तैयार कर साझा कर सकते हैं। शोधपत्र में सैद्धांतिक मूल्यों, अनुभव आधारित विश्लेषण, केस स्टडी और नवीन कार्यप्रणाली को शामिल किया जा सकता है। शोधार्थी 500 शब्दों में अपने शोध का सार (एब्स्ट्रेक्ट) को तय रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
शोध एवं अनुसंधान को पहचान दिलाने के लिए कांफ्रेंस के दौरान सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र का पुरस्कार शोधार्थियों को दिया जायेगा। पुरस्कार के माध्यम से प्रत्येक विषय के सर्वश्रेष्ठ शोधार्थी को चिह्नित कर उन्हें सम्मानित करने का काम किया जायेगा। इससे अकादमिक, मौलिक और सामाजिक प्रासंगिकता पर बहुमूल्य योगदान देने वाले विचारकों की पहचान हो सकेगी।
महत्वपूर्ण तिथियां :
शोधपत्र जमा करने की अंतिम तिथि: 15 जुलाई, 2025
स्वीकृत शोधपत्र की सूचना का प्रकाशन: 31 जुलाई, 2025
कांफ्रेंस के लिए पंजीकरण शुरू: 31 जुलाई, 2025
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 15 सितंबर, 2025
No Comment! Be the first one.