News Saga Desk
रांची। पतरातू की खूबसूरत वादियां, विख्यात शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर एवं खदानों का रोमांचकारी अनुभव लेना हैं तो आप यहां आइए। झारखंड में माइनिंग टूरिज्म शुरू हो गया है। राज्य में माइनिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने सीसीएल के साथ करार किया है। इस तरह झारखंड माइनिंग टूरिज्म शुरू करने वाला देश का पहला राज्य होगा।

हजारीबाग के उत्तर उरिमारी ओपन कास्ट कोल माइन से झारखंड में माइनिंग टूरिज्म की शुरुआत होगी। अब आम लोग भी ओपन माइनिंग से रुबरु हो सकेंगे। उन्हें नजदीक से माइनिंग देखने का मौका मिलेगा। .यह अलग तरह का रोमांचकारी अनुभव देगा।
झारखंड को खनिज, जंगल और ऊर्जा की धरती कहा जाता है, भारत के कुल खनिज उत्पादन में चालीस प्रतिशत से अधिक का योगदान झारखंड ही देता है। उन्नासी हजार सात सौ चौदह हेक्टेयर से भी अधिक भूमि पर फैले खनन क्षेत्र के साथ, झारखंड वास्तव में भारत का खनिज हृदय है। अब झारखंड पर्यटकों को खनन का एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार है। जहां आप ओपन कास्ट खदानों, साइलो साइट्स को नजदीक से महसूस कर पाएंगे और रोमांच का आनंद ले सकेंगे। झारखंड टूरिज्म डेवलमेंट कारपोरेशन और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के साथ साझेदारी में आयोजित ये रोमांचक टूर सुरक्षा गियर, भोजन और अविस्मरणीय दृश्यों के साथ एक यादगार अनुभव प्रदान करेगा।
No Comment! Be the first one.