News Saga Desk
रांची। मानसून ने इस बार झारखंड में खूब बारिश कराई। मौसम विज्ञान विभाग ने 21 जुलाई तक झारखंड के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। जबकि कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश भी दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश 132.0 एमएम हंटरगंज (चतरा) में दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

जामताड़ा में गुरुवार की सुबह छाए काले बादल।
लातेहार में रहा सबसे कम न्यूनतम तापमान
राज्य में मानसून सामान्य रहा। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया।

पलामू की नदियों में बढ़ा जलस्तर।
झारखंड में अब तक 611.5 एमएम हो चुकी है बारिश
इधर, मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अब तक (एक जून से 17 जुलाई तक) 611.5 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 359.8 एमएम ही होती है। राज्य में अब तक 70% अधिक बारिश हो चुकी है।
रांची में अब तक 823.7 एमएम बारिश हो चुकी है। सिर्फ 2 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इनमें गोड्डा और पाकुड़ जिले शामिल हैं। गोड्डा में अब तक 292 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 11% कम है। वहीं, पाकुड़ में 381.6 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 12% कम है।
No Comment! Be the first one.