IPL 2026: आज RCB और KKR के बीच महामुकाबला, प्लेऑफ की रेस में दोनों टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति

News Saga Desk

आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की जंग अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। हर मुकाबला अंक तालिका की तस्वीर बदल रहा है। मंगलवार को Gujarat Titans ने Sunrisers Hyderabad को 82 रन से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस बड़ी जीत के साथ गुजरात ने 16 अंकों का आंकड़ा छू लिया, जिसे आमतौर पर प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सुरक्षित माना जाता है। वहीं हैदराबाद की टीम अब तीसरे स्थान पर खिसक गई है और उसकी राह अभी आसान नहीं दिख रही।

अब बुधवार, 13 मई को आईपीएल में एक और अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि प्लेऑफ की दौड़ अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है।

आईपीएल 2026 का आज का मुकाबला RCB और KKR के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु की टीम इस समय शानदार स्थिति में नजर आ रही है। आरसीबी ने अब तक 11 मुकाबलों में 7 जीत और 4 हार के साथ 14 अंक हासिल किए हैं और टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

अगर आज आरसीबी जीत दर्ज करती है तो टीम 16 अंकों तक पहुंच जाएगी और प्लेऑफ में उसकी जगह लगभग पक्की मानी जाएगी। इतना ही नहीं, बेहतर नेट रन रेट की बदौलत बेंगलुरु फिर से अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर भी पहुंच सकती है।

वहीं दूसरी ओर कोलकाता की स्थिति काफी मुश्किल बनी हुई है। KKR ने अब तक 10 मैचों में सिर्फ 4 जीत दर्ज की है, जबकि 5 मुकाबलों में हार मिली है। टीम का एक मैच बेनतीजा रहा था। फिलहाल कोलकाता के खाते में 9 अंक हैं और टीम आठवें स्थान पर मौजूद है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अब आगे का हर मुकाबला बेहद अहम होने वाला है। टीम के अभी चार मैच बाकी हैं और प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए KKR को लगभग सभी मैच जीतने होंगे। एक और हार टीम की मुश्किलें बढ़ा सकती है और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने का खतरा भी पैदा हो सकता है। दूसरी तरफ आरसीबी इस मैच को जीतकर अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी। ऐसे में फैंस को आज एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Read More News

Read More