रांची में दर्दनाक हादसा: रथ मेला देखने जा रहे परिवार पर टूटा कहर, ट्रक की चपेट में आकर मां और दो बेटियों की मौत

News Saga Desk

रांची। राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नगड़ी थाना क्षेत्र के नारो बाजार के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक महिला और उसकी 2 मासूम बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति और 2 बच्चे घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। 

घटना बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। इटकी थाना क्षेत्र के चिनारो पुरियो गांव के रहने वाले विजय धान अपनी पत्नी पूजा धान (40) और 4 बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर जगन्नाथपुर मेला जा रहे थे। रास्ते में नारो बाजार के पास सड़क किनारे एक सिटी राइड बस सवारियां बैठा रही थी। विजय ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पूजा धान, उनकी 8 वर्षीय बेटी अनुष्का और 1 वर्षीय बच्ची अनामिका को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। विजय धान और उनके 2 अन्य बच्चे अमिता और आयुष्य, हादसे में घायल हो गए।

घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को नगड़ी पुलिस ने पीछा कर पिस्का रेलवे फाटक के पास पकड़ लिया। ट्रक को जब्त कर चालक को थाने ले जाया गया है। मृतक पूजा धान के ससुर मंगल धान ने नगड़ी थाना में लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मंगल धान ने अपनी शिकायत में बताया कि विजय धान एक ही बाइक पर पत्नी और 4 छोटे बच्चों को लेकर मेला देखने निकले थे। सिटी राइड बस के कारण सड़क पर जगह कम थी, इसी दौरान बाइक फिसल गई और हादसा हो गया। 


Read More News

रांची GPO परिसर में दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन, पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर डाक विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन

झारखंड के डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को रांची GPO परिसर में धरना-प्रदर्शन...

Read More