मई में यूपीआई लेन-देन ने बनाया नया रिकॉर्ड, 29.90 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा कारोबार

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :-यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिए होने वाले डिजिटल लेन-देन ने मई 2026 में नया रिकॉर्ड कायम किया है। गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ी यात्रा गतिविधियों और आईपीएल सीजन के दौरान खर्च में वृद्धि के चलते यूपीआई ट्रांजेक्शन मूल्य और संख्या दोनों ही अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मई महीने में यूपीआई के माध्यम से कुल 23.2 अरब लेन-देन दर्ज किए गए, जबकि इनका कुल मूल्य 29.90 लाख करोड़ रुपये रहा। यह अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।

मूल्य के लिहाज से देखा जाए तो मई 2025 में यूपीआई के जरिए 25.14 लाख करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ था। इस प्रकार एक वर्ष में इसमें लगभग 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं अप्रैल 2026 में कुल लेन-देन मूल्य 29.03 लाख करोड़ रुपये था।

लेन-देन की संख्या के मामले में भी नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। मई 2026 में 23.2 अरब ट्रांजेक्शन हुए, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के 18.67 अरब लेन-देन की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक हैं। अप्रैल 2026 में यह संख्या 22.35 अरब रही थी।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की भुगतान प्रणाली रिपोर्ट के अनुसार यूपीआई के माध्यम से औसत लेन-देन का आकार लगातार घटा है। वर्ष 2021 में औसत ट्रांजेक्शन राशि 1,848 रुपये थी, जो 2025 में घटकर 1,313 रुपये रह गई। विशेषज्ञ इसे चिंता का विषय नहीं बल्कि डिजिटल भुगतान प्रणाली के व्यापक और परिपक्व होने का संकेत मानते हैं, क्योंकि अब छोटी रकम के भुगतान भी बड़ी संख्या में यूपीआई के माध्यम से किए जा रहे हैं।

भारत की यह डिजिटल भुगतान प्रणाली अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहुंच बढ़ा रही है। यूपीआई वर्तमान में संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, भूटान, नेपाल और मॉरीशस समेत सात देशों में संचालित हो रहा है।

एनपीसीआई, रिजर्व बैंक और भारतीय बैंक संघ की संयुक्त पहल है, जो देश में खुदरा भुगतान और निपटान प्रणालियों के संचालन का कार्य करती है। यूपीआई के माध्यम से लोगों और व्यापारियों के बीच वास्तविक समय में सुरक्षित और त्वरित भुगतान संभव हो सका है, जिससे भारत में डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।

Read More News

झारखंड से कौन होगा राज्यसभा उम्मीदवार इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व के हाथ – बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते...

Read More