News Saga Desk
पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में अल्पसंख्यक कार्य और मदरसा शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। राज्य के अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा मंत्री खुदीराम टुडू ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अब राज्य के अन्य सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों की तरह मदरसों में भी ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कई सरकारी स्कूल ऐसे हैं जहां संताली भाषा में पढ़ाई होती है, लेकिन वहां भी ‘वंदे मातरम्’ गाया जाता है। ऐसे में मान्यता प्राप्त मदरसों में इसे लागू करने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
मदरसा शिक्षा निदेशालय ने जारी किया आदेश
पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक राज्य के सभी सहायता प्राप्त मदरसों में प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाना अब अनिवार्य रहेगा। इससे पहले 14 मई को राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में भी ‘वंदे मातरम्’ को अनिवार्य किया था। सरकार की अधिसूचना में कहा गया था कि कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा में राष्ट्रगीत गाना तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। अब इसी नीति का विस्तार करते हुए इसे मदरसों में भी लागू कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले को लेकर राज्य की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।
No Comment! Be the first one.