News Saga Desk
तिरुवनंतपुरम: के सेंट्रल स्टेडियम में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत देश के कई बड़े नेता रहे मौजूद।
केरल के राजनीतिक इतिहास में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन ने केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में केरल के राज्यपाल आरवी आर्लेकर ने सतीशन और उनके साथ 21 सदस्यीय मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण के साथ ही पूरे एक दशक बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की केरल की सत्ता में जोरदार वापसी हुई है।
60 साल बाद बना अनोखा रिकॉर्ड, पूरी कैबिनेट ने एक साथ ली शपथ
इस बार का शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। केरल के इतिहास में पूरे 60 साल बाद ऐसा हुआ है जब पूरी कैबिनेट ने एक साथ पद की शपथ ली है। राज्यपाल आरवी आर्लेकर ने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के साथ 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई।
कैबिनेट में बदलाव 14 नए चेहरों को मिला मौका
वीडी सतीशन के नेतृत्व वाली इस नई सरकार में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवाओं और नए चेहरों के तालमेल पर खास जोर दिया गया है। कुल 21 सदस्यीय कैबिनेट में 14 नए चेहरों को शामिल किया गया है।
मंत्रिमंडल का दलीय समीकरण इस प्रकार है
कांग्रेस कोटा: रमेश चेन्निथला, सनी जोसेफ, के मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाध, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, एम लिजू, टी सिद्दीकी, केए थुलसी और ओजे जनेश।
आईयूएमएल (IUML) कोटा: पीके कुन्हालिकुट्टी, केएम शाजी, वी अब्दुल गफूर, एन शम्सुद्दीन और पीके बशीर।
अन्य सहयोगी दल: मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब और सीपी जॉन को भी कैबिनेट में जगह मिली है।
मलयालम में गूंजा ‘वंदे मातरम्’
समारोह की शुरुआत बेहद खास और सांस्कृतिक रंग में रंगे अंदाज में हुई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आगाज मलयालम भाषा में गाए गए ‘वंदे मातरम्’ गीत से हुआ, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ हुआ और फिर शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ी।
दिग्गज नेताओं का जमावड़ा मंच पर दिखे विपक्षी एकता के रंग
इस भव्य समारोह में देश के तमाम बड़े राजनीतिक दिग्गजों ने शिरकत की। कांग्रेस आलाकमान से लेकर कई राज्यों के मुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी विशेष रूप से मौजूद रहे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी समारोह में शामिल हुए। लोकतांत्रिक गरिमा की मिसाल पेश करते हुए केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन भी इस दौरान मंच पर नजर आए और नई सरकार को शुभकामनाएं दीं।
No Comment! Be the first one.