हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश और आंधी से गर्मी से राहत, 16 जून तक अलर्ट

NEWS SAGA DESK

शिमला :- हिमाचल प्रदेश में बीती रात से मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, हालांकि कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। मौसम विभाग ने 16 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

बीती रात शिमला, कांगड़ा, भुंतर, सुंदरनगर, मनाली और कुफरी सहित कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं। वहीं कुमारसेन और मलाना में मध्यम स्तर की ओलावृष्टि दर्ज की गई। हमीरपुर जिले के नेरी में 81 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और रास्तों में बाधा आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

एनएच-5 पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी क्षेत्र स्थित ज्यूरी बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर तेज आंधी के कारण एक पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल किया। इस घटना में दो वाहनों को हल्का नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

कसौली में सबसे अधिक बारिश

राज्य में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। सोलन जिले के कसौली में सबसे अधिक 105 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा धर्मपुर में 86.6 मिमी, धौलाकुआं में 43.5 मिमी, पालमपुर में 40 मिमी, सोलन में 34.6 मिमी, जोत और सराहन में 30-30 मिमी तथा नाहन में 26.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

तापमान में आई गिरावट

बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है और यह सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा था।

16 जून तक आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 14 से 16 जून तक भी कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 17 और 18 जून को केवल कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने का अनुमान है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि शुरुआती दो दिनों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंके भी आ सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों पर बिजली कड़कने के समय न रुकने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Read More News

Read More