News Saga Desk
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के लिए 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ किया। यह पहल जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से बसों का फ्लैग ऑफ किया। इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र के यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का विकल्प मिलेगा। सरकार का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों में सड़क, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के लिए जाना जा रहा है और नई इलेक्ट्रिक बस सेवा इसी विकास यात्रा का हिस्सा है।
जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 45 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि आने वाले दिनों में बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इन बसों का किराया आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किफायती रखा गया है। सेवा शुरू होने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होगी और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।
सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और प्रदेश में हरित एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
No Comment! Be the first one.