आवारा कुत्तों का हमला, 5 साल के मासूम की मौत

News Saga Desk

झारखंड के धनबाद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के एक मासूम बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृत बच्चे की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है। वह कुंदन यादव का पुत्र था और गोंदूडीह ओपी क्षेत्र स्थित भोलानाथ बसेरिया, 4 नंबर यादव बस्ती का रहने वाला था।

मिली जानकारी के अनुसार, अंकित हनुमान मंदिर के पास घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंचा और बच्चे को घेरकर हमला कर दिया। कुत्तों ने मासूम के शरीर को कई जगह बुरी तरह नोंच डाला। हमला इतना खतरनाक था कि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को लहूलुहान हालत में पाया।

सूचना मिलने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Read More News

Read More