Ranchi News: DSP मनोज कुमार सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, जल्द शुरू होगी विभागीय कार्रवाई

News Saga Desk

रांची। हजारीबाग जिले में कंपोजिट कंट्रोल रूम (सीसीआर) के डीएसपी मनोज कुमार सिंह के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही चलेगी।एसपी हजारीबाग की अनुशंसा पर पुलिस मुख्यालय ने भी इसकी स्वीकृति दे दी है। अब गृह विभाग इसपर आगे की कार्रवाई करेगा।

सीनियर अफसरों की जांच में डीएसपी मनोज कुमार सिंह पर घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता, शिथिलता बरतने, मनमानी करने व अयोग्य पुलिस पदाधिकारी होने के आरोपों की पुष्टि हुई है। उनपर हजारीबाग जिले के सदर क्षेत्र स्थित कोर्रा थाने में दर्ज एक केस को बिना निष्पादित किए दैनिक रिपोर्ट से हटाने के आरोपों की भी पुष्टि हुई है।

यह केस इसलिए भी चर्चित है, क्योंकि इस केस के पूर्व में अनुसंधानकर्ता रहे आठ अन्य कनीय पुलिस पदाधिकारी भी कर्तव्यहीनता के दोषी पाए जा चुके हैं। उन सभी आठ कनीय पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही पहले से चल रही है।

इन कनीय पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध चल रही है विभागीय कार्यवाही

तत्कालीन एएसआई अशोक कुमार (वर्तमान में दारोगा लातेहार), तत्कालीन एएसआई अजय कुमार सिंह (हजारीबाग), तत्कालीन दारोगा शशि भूषण कुमार (वर्तमान में दारोगा कोडरमा), तत्कालीन दारोगा अजीत कुमार (वर्तमान में दारोगा लातेहार), तत्कालीन दारोगा प्रदीप कुमार (वर्तमान में दारोगा सिमडेगा), तत्कालीन इंस्पेक्टर गणेश कुमार (वर्तमान में एसीबी रांची), तत्कालीन इंस्पेक्टर ललित कुमार (वर्तमान में इंस्पेक्टर मुसाबनी) व तत्कालीन दारोगा प्रशांत कुमार मिश्रा (वर्तमान में दारोगा चतरा)।

क्या है पूरा मामला

हजारीबाग जिले के कोर्रा सदर थाने में 18 जनवरी 2016 को कांड संख्या 57/2016 में एक महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने पवन सिंह, कृष्ण कुमार सिंह धीरज के विरुद्ध गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी व धमकी देने के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दोनों आरोपित रिश्ते में पिता-पुत्र हैं, जो कोर्रा थाना क्षेत्र के ही हाउसिंग कॉलोनी दीपुगढ़ा के रहने वाले हैं और पीड़िता के पड़ोसी हैं। घटनास्थल थाना से एक किलोमीटर की दूरी पर था।

आरोप है कि घटना के दिन आरोपितों ने गंदी गालियां दी, जबरन घर में घुसे, उसे बाहर खींचकर ले जाने लगे तो आसपास के लोग व अन्य रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद उसने इसकी सूचना अपने पति को दी, जिसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई।


Read More News

Read More