पत्नी ने पति को पहले लाठी से पीटा फिर फंदे से लटकाया, गिरफ्तार

NewsSaga Desk

पलामू | पत्नी ने पति को पहले लाठी से पीटा। जब वह बेहोश हो गया तो उसकी हत्या करने के लिए फंदे से लटका दिया। हालांकि इस घटना में पति की मौत नहीं हुई लेकिन वह जीवन और मौत से जूझ रहा है। उसका इलाज चल रहा है। होश आने पर दिए गए बयान के बाद पत्नी को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया।

घटना पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव की है। यहां तीन दिन पहले 28 साल की पूजा देवी ने पति संतोष राम को लाठी से पिटाई करने के बाद अपने दुपट्टे से फंदा डालकर लटका दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने संतोष को फंदे से उतारा और फिर इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया। जब पति होश में आया तो उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया कि गुरुवार की रात घर आने के बाद जैसे ही कमरे में आया कि अचानक पत्नी पूजा लाठी से मारने लगी। पिटाई से बेहोश हो गया। इसके बाद उसे कोई जानकारी नहीं मिली, लेकिन परिजनों ने बताया कि उसे फंदे से लटका दिया गया था।

थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि बकोरिया गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी ने पति को पहले लाठी से पिटाई की और उसके बाद उसे अपने दुपट्टे से फंदे से लटका दिया मामला सामने आने पर महिला को गिरफ्तार किया गया और एमएमसीएच में मेडिकल जांच करने के बाद जेल भेज दिया गया।

वहीं जानकारी मिली है कि पूजा और संतोष की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। दोनों से एक 11 साल की लड़की एवं 9 साल का लड़का है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। कई बार पंचायत भी हुई थी। लड़की दो बार ससुराल से भाग भी गई थी। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। पूजा का रांची में मायके है।

Read More News

Read More