News Saga Desk
रांची। सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी 20 अगस्त यानि कल गोड्डा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे एनकाउंटर मामले की समीक्षा करेंगे और सूर्या हांसदा के परिजनों से मुलाकात करेंगे। वहीं इससे पहले भाजपा की सात सदस्यीय जांच समिति ने भी गोड्डा पहुंचकर इस मामले की विस्तृत समीक्षा की थी, यह समिति भी कल मामले की और गहन समीक्षा करेगी। यह समिति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर गठित की गई थी। समिति में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक अमित मंडल और अनिता सोरेन शामिल थे।
समिति ने न सिर्फ मृतक सूर्या हांसदा के परिजनों से मुलाकात की, बल्कि उनके द्वारा संचालित विद्यालय का भी दौरा किया। वहां मौजूद बच्चों से भी समिति के सदस्यों ने बातचीत कर जानकारी जुटाई। दौरे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए, और इस मुठभेड़ को लेकर कई सवाल उठाए। गौरतलब है कि 11 अगस्त को गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत धमनी पहाड़ के पास झारखंड पुलिस ने मुठभेड़ में सूर्या हांसदा के मारे जाने की पुष्टि की थी। पुलिस का दावा है कि सूर्या पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद, जब उसे हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसके साथियों ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान सूर्या ने कथित रूप से पुलिस का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई।
हालांकि भाजपा इस मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए इसे सुनियोजित हत्या बता रही है। पार्टी का कहना है कि सूर्या हांसदा एक सामाजिक कार्यकर्ता थे और उन्होंने बोरियो विधानसभा क्षेत्र से विभिन्न दलों के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था एक बार भाजपा, दो बार झारखंड विकास मोर्चा और एक बार झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशी के रूप में। भाजपा इस मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रही है। आने वाले दिनों में पार्टी द्वारा इस मुद्दे पर राज्यव्यापी आंदोलन की भी संभावना जताई जा रही है।
No Comment! Be the first one.