NewsSaga Desk
खूंटी | बिरसा वाहिनी फाउंडेशन के तत्वावधान में खूंटी जिला मुख्यालय में आयोजित गणेश महोत्सव का भव्य समापन गुरुवार को हो गया। 26 अगस्त से शुरू गणेश महोत्सव में खूंटी और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा से ओतप्रोत होकर भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि बिरसा वाहिनी फाउंडेशन की इस पहल ने खूंटी के धार्मिक और सांस्कृतिक परिचय को और सुदृढ़ आधार दिया है। खूंटी जिला मुख्यालय में पहली बार सार्वजनिक रूप से गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया था।
26 अगस्त को गणपति बप्पा के भव्य आगमन के बाद छह दिनों तक पूरे विधि विधान से गणपति की पूजा अर्चना, संध्या आरती एवं संध्या आरती के बाद महाप्रसाद वितरण आदि का कार्यक्रम रखा गया था। सीआरपीएफ 94 बटालियन के अधिकारी और जवान भी इस महोत्सव में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। गणपति बप्पा की प्रतिमा का भव्य तरीके गुरुवार को विसर्जन किया गया। विसर्जन शोभायात्रा बाजार टांड़ स्थित पंडाल से शुरू हो कर खूंटी मुख्य मार्ग होते हुए साहू तालाब तक गई, जहां प्रतिमा का विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में आतिशबाजी और खूंटी के ही प्रेम ताशा ग्रुप का संगीत मुख्य आकर्षण रहा।
बिरसा वाहिनी फाउंडेशन की संस्थापिका सह राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रिया मुंडा ने गणेश महोत्सव को मिले अपार जनसमर्थन के लिए खूंटी जिले के वासियों का आभार जताया और गणपति बप्पा से खूंटी सहित समस्त झारखंडवासियों के सुख समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सत्यम मिश्रा, शुभम कुमार, चेतन मिश्रा, गुलिट मिश्रा, संजम चौरसिया, उत्तम मिश्रा, रितुल मिश्रा, शुभम जायसवाल, रितेश, प्रेम, दिलीप, प्रिंस सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
No Comment! Be the first one.