एचईसी की जमीन से हटा अतिक्रमण, भुक्तभोगियों ने जताया रोष

NewsSaga Desk

रांची | बिरसा चौक बायपास के दाहिनी ओर एचईसी की जमीन पर शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। जेसीबी लगाकर कई घरों और दुकानों को तोड़ा गया।

लोग लंबे समय से इस जमीन पर कब्जा कर घर-दुकान बनाकर रह रहे थे। पूर्व में भी यहां ऐसी कार्रवाई हो चुकी थी, लेकिन दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया था।

प्रशासन की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। रमेश साहू ने कहा कि हम यहां बीस साल से रह रहे हैं। यही हमारा सबकुछ है। अचानक बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए घर तोड़ देना अन्याय है। गरीब आदमी कहां जाएगा।

निशा कुमारी ने रोते हुए कहा कि हमने अपनी पूरी जमा-पूंजी लगाकर छोटा सा मकान बनाया था। आज सबकुछ मलबे में बदल गया। बच्चों के सिर से छत छीन ली गई। सरकार को कम से कम हमें कहीं और बसाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी।

मौके पर एक बुजुर्ग महिला ने भी आरोप लगाया कि कुछ पक्के मकानों को छोड़ दिया गया। गरीबों की झोपड़ियां उजाड़ दी गईं। उन्होंने इसे गलत और पक्षपातपूर्ण बताया।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन सरकारी है और यहां किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान मौके पर अरगोड़ा अंचल अधिकारी और जगरनाथपुर थाना प्रभारी की टीम सहित भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी थी।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More