धनबाद दौरे पर केंद्रीय कोयला मंत्री जी.किशन रेड्डी, झरिया पुनर्वास, सुरक्षा और तकनीकी नवाचार पर दिया जोर

News Saga Desk

धनबाद : धनबाद दौरे पर केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि कोयला क्षेत्र देश की ऊर्जा सुरक्षा का आधार स्तंभ है। केंद्र सरकार का लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि पुनर्वास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और श्रमिक कल्याण जैसे मानवीय पहलुओं को भी समान प्राथमिकता देना है। उन्होंने कहा कि झरिया पुनर्वास योजना का उद्देश्य सिर्फ विस्थापन नहीं, बल्कि प्रभावित लोगों को बेहतर जीवन स्तर और स्थायी आजीविका उपलब्ध कराना है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समन्वित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए, ताकि झरिया क्षेत्र में पुनर्वास और विकास कार्यों की गति तेज हो सके। उन्होंने बीसीसीएल और जेआरडीए के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताया।
परिचालन के क्षेत्र में मंत्री ने सुरक्षा के साथ-साथ सभी महत्वपूर्ण सूचकांकों पर निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोकिंग कोल की सबसे बड़ी कंपनी होने के नाते बीसीसीएल पर बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे सभी को मिलकर निभाना होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री के स्वागत और अभिनंदन के साथ हुई। कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने शॉल, पुष्पगुच्छ और श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया। कोल इंडिया गीत के बाद सीएमडी मनोज अग्रवाल ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। इसके उपरांत मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दुग्दा सोलर प्लांट और कोयला भवन तृतीय स्थल पर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का उद्घाटन किया।
कोयला भवन में समीक्षा बैठक से पहले मंत्री ने आईआईटी (आईएसएम), धनबाद परिसर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन क्रिटिकल मिनरल्स और वर्चुअल माइन सिम्युलेटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और छात्रों से संवाद किया और खनन सुरक्षा, खनिज संसाधन प्रबंधन, सतत विकास और तकनीकी नवाचार पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खनिज क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार आत्मनिर्भर भारत अभियान का अहम हिस्सा है। आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और कौशल विकास के जरिए भारत को वैश्विक खनन क्षेत्र में अग्रणी बनाना लक्ष्य है। उन्होंने छात्रों से नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से खनन को अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाने का आह्वान किया। आरएंडडी टी-स्टॉल पर उन्होंने छात्रों से अनौपचारिक बातचीत भी की।
इस अवसर पर कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, उप-निदेशक धीरज कुमार, रजिस्ट्रार प्रमोद पांडे सहित विभिन्न संकायाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय धनबाद प्रवास के तहत केंद्रीय मंत्री सड़क मार्ग से दुर्गापुर से धनबाद पहुंचे। दुर्गापुर हवाई अड्डे पर कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बीसीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित थे।

Read More News

हजारीबाग कांड मामले में JMM कार्यकर्ताओं ने राँची-रामगढ़ में भाजपा के खिलाफ विरोध मार्च निकाला

झारखंड के हजारीबाग जिले में हुई विष्णुगढ़ कांड का खुलासा होते ही राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। पुलिस...

अनंत सिंह करा रहे इंटरनेशनल महादंगल, देश-विदेश के पहलवान होंगे शामिल, बड़े नेताओं को भी आमंत्रण

अनंत सिंह जेल से बाहर आने के बाद लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आज वे अपने पैतृक गांव...

पलामू के शताब्दी मार्केट में JMM नेता ह’त्या कांड के गवाह गुड्डू खलीफा की देर रात गोली मारकर ह’त्या

पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।...

Read More