News Saga Desk
धनबाद पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खालसा होटल के पास स्थित मां शांति गेस्ट हाउस में छापेमारी कर चार शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी पढ़े-लिखे ग्रेजुएट युवक हैं, जो तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे थे।
इस संबंध में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त गेस्ट हाउस में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जिसमें चारों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान रंजीत यादव, पवन कुमार मंडल, राहुल कुमार मंडल और विपिन कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे आम लोगों को झांसे में लेकर उनके मोबाइल पर APK (एंड्रॉयड पैकेज किट) फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति फाइल डाउनलोड करता, उसका मोबाइल फोन हैक हो जाता था और आरोपी सीधे उसके बैंक खाते तक पहुंच बना लेते थे। आरोपी व्हाट्सएप अकाउंट हैक करने में भी माहिर बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से और उनकी कार से 13 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, ठगी में इस्तेमाल एक कार और कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, पैसों के लेन-देन और बैंक खातों से जुड़े अहम रिकॉर्ड मिले हैं। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से जुड़े होने की भी पुष्टि हुई है।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी विपिन कुमार पासवान के बैंक खाते के खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में पहले से तीन साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से आए किसी भी लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि यह मोबाइल और बैंक खाते को हैक करने का जाल हो सकता है।
No Comment! Be the first one.