News Saga Desk
दुमका जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हंसडीहा पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट जब्त कर मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान गोड्डा जिले के देवडांढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खरखछीया गांव निवासी मो. महबूब अंसारी के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी अजीत यादव ने बताया कि दोपहर में वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि दुमका की ओर से एक हुंडई i10 कार में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना दर्ज कर हंसडीहा थाना पुलिस ने सशस्त्र बल के साथ हंसडीहा-गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
कुछ देर बाद हंसडीहा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की कार को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन खड़ा कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर सीट और डिक्की में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कुल 360 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इसके अलावा मोटोरोला कंपनी का एक मोबाइल फोन और एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि बिहार में लागू शराबबंदी को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में हंसडीहा थाना में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही पूरे नेटवर्क और शराब के स्रोत की जांच की जा रही है।
No Comment! Be the first one.