News saga Desk
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की तिथि में बदलाव किया है। अब यह परीक्षा 15 मार्च को आयोजित की जाएगी। इससे पहले आयोग ने परीक्षा की तिथि 8 मार्च 2026 निर्धारित की थी।
इसके अलावा, आयोग ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) 2025 की संभावित तिथि 12 अप्रैल तय की है, जबकि बैकलॉग भर्ती प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) 2023 की संभावित तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है। पूर्व में इन दोनों परीक्षाओं की तिथि क्रमशः 15 मार्च और 22 मार्च रखी गई थी।
103 पदों पर होगी नियुक्ति
सिविल सेवा परीक्षा-2025 के माध्यम से कुल 103 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी (अपराह्न 5 बजे तक) निर्धारित की गई है, जबकि परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 21 फरवरी (अपराह्न 5 बजे तक) तय की गई है।
इन पदों में उपसमाहर्ता के 28 पद, डीएसपी के 42 पद, जिला समादेष्टा के 2 पद, प्रोबेशन पदाधिकारी के 4 पद, महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में सहायक निदेशक के 3 पद, कृषि एवं सहकारिता विभाग में सहायक निबंधक के 2 पद, सहायक नगर आयुक्त के 10 पद, काराधीक्षक के 2 पद तथा सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के 10 पद शामिल हैं।
उम्र सीमा में छूट पर निर्णय लंबित
परीक्षा को लेकर कई अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार से उम्र सीमा में छूट देने की मांग की है। फिलहाल परीक्षा के लिए उम्र सीमा का कट-ऑफ 1 अगस्त 2026 निर्धारित है, जबकि अभ्यर्थी इसे 1 अगस्त 2018 करने की मांग कर रहे हैं।
उम्र सीमा में छूट देने का निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाना है। अभ्यर्थियों की निगाहें अब 24 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राज्य कैबिनेट की बैठक पर टिकी हैं। यदि उम्र सीमा में छूट दी जाती है, तो आवेदन तिथि में विस्तार की संभावना भी बन सकती है।
No Comment! Be the first one.