News Saga Desk
सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना खालिसपुर दुर्गा गांव के पास एक्सप्रेस-वे के 155.6 किलोमीटर पर लगभग 6 बजे हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, होंडा एसपी बाइक (BR01HX8207) पर सवार दोनों युवक गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि चालक को रास्ते में नींद आने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पटना के खगौल निवासी 20 वर्षीय भक्सर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खगौल निवासी 19 वर्षीय शनि गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घायल शनि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबेडकर नगर रेफर कर दिया। घायल युवक बेहोशी की हालत में था।
दोस्तपुर थाना के एसआई कृष पाल यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने यूपीडा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर लगाए गए सेफ्टी बैरियर और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। उनके अनुसार, कई बार वाहन गुजरने पर सेफ्टी बैरियर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद लगभग दो घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा और समय पर उचित व्यवस्था नहीं हो पाई। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
No Comment! Be the first one.