News Saga Desk
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के आईईटी विभाग के रामानुजनम बी हॉस्टल में रविवार तड़के फाइनल ईयर के छात्रों द्वारा हंगामे और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और सख्त कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में रविवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास कुछ छात्र जश्न के मूड में थे। इस दौरान छात्रों ने फिल्मी गाने “दारू बदनाम कर दी” पर अर्धनग्न होकर डांस किया और जमकर शोर-शराबा किया। वीडियो में कुछ छात्र हॉस्टल की बालकनी से नीचे खड़े छात्रों पर पानी फेंकते भी दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान माहौल बिगड़ गया और छात्रों ने हॉस्टल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल, खिड़कियों के कांच और यहां तक कि पानी की टंकी को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। जानकारी के अनुसार, यह सभी छात्र फाइनल ईयर के हैं और घटना की जानकारी आईईटी विभाग के एचओडी ने विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी है।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई ने कहा है कि वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले छात्रों पर आर्थिक दंड (पेनल्टी) सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हॉस्टल में हुई गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
No Comment! Be the first one.