चलती ट्रेन में प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

किशनगंज । पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के किशनगंज-कटिहार रेलखंड पर चलती ट्रेन से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ, सीआईबी टीम और डॉग स्क्वाड ने 652 बोतल एस्कुफ कफ सिरप जब्त किया है। मामले में ट्रेन के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 29 हजार 96 रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर सीआईबी किशनगंज टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ ट्रेन संख्या 14620 त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस अप में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रेन के ए-1 कोच संख्या एनआर-191093/सी में तैनात कोच परिचारक के लॉकर बॉक्स की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान सात बैग बरामद हुए। बैगों की जांच में 100-100 मिलीलीटर की कुल 652 बोतल एस्कुफ कफ सिरप मिली। प्रतिबंधित कफ सिरप की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

मौके पर ही कोच परिचारक मेहर सिंह को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के फिरोजपुर जिले का निवासी बताया गया है। वह प्राइमरी क्लीनिंग सर्विस, लखनऊ के अधीन कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कफ सिरप की खेप को अवैध तरीके से दूसरे राज्य में पहुंचाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हुए हैं।

कार्रवाई के बाद आरोपी और जब्त कफ सिरप को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त सामग्री को आबकारी विभाग, किशनगंज के हवाले कर दिया गया।

मामले में आबकारी थाना किशनगंज में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस प्रतिबंधित खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Read More News

ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में हेमन्त सोरेन के बड़े निर्देश, सखी मंडल और आवास योजनाओं पर जोर

रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की...

Read More