SAGA NEWS DESK
सिंगापुर; दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने शानदार खेल दिखाते हुए सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
सिंधु ने दूसरे दौर के मुकाबले में जापान की रिको गुंजी को सीधे गेमों में 21-9, 21-12 से हराया। 37 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारतीय स्टार ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया।
अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु के सामने कड़ी चुनौती होगी, जहां उनका मुकाबला कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त आन से यंग से होगा।
वहीं पुरुष युगल वर्ग में चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में चीनी ताइपे की ली झे हुई और यांग पो शुआन की जोड़ी को 21-15, 11-21, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। करीब एक घंटे तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने निर्णायक गेम में शानदार वापसी की।
क्वार्टर फाइनल में सात्विक और चिराग का सामना मलेशिया की खाई शिंग कांग और आरोन ताई की जोड़ी से होगा।
मिश्रित युगल वर्ग में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने जापान के युता वतानाबे और माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से हराया।
अब ध्रुव और तनिषा का मुकाबला कोरिया की किम जे ह्योन-जांग हा जियोंग और मलेशिया की तीसरी वरीयता प्राप्त चेन तांग जी-तोह ई वेई की जोड़ी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
No Comment! Be the first one.