NEWS SAGA DESK
मधेपुरा:- जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त अनिल बसाक, अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार तथा उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन और उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने बैडमिंटन कोर्ट पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि मधेपुरा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल से भी खिलाड़ियों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बैडमिंटन संघ को विशेष प्रयास करने चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 40 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि मधेपुरा में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं और इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले भर से आए खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलती है।
No Comment! Be the first one.