NEWS SAGA DESK
अमृतसर :- अटारी सीमा पर स्थित संयुक्त जांच चौकी (जेसीपी) स्टेडियम में शनिवार को ‘जय हो – वीर जवानों को संगीतमय श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम देश के वीर सैनिकों और उनकी सेवाओं को समर्पित था। इस अवसर पर प्रसिद्ध संगीतकार और ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान पहली बार अटारी बॉर्डर पर लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को सम्मान दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में दर्शकों, बीएसएफ अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
इस मौके पर फिल्म जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना, गायक मोहित चौहान, नीलांजना घोष, पूजा तिवारी और नरगिस शामिल थे।
मीडिया से बातचीत में इम्तियाज अली ने कहा कि अटारी बॉर्डर पर ए.आर. रहमान की प्रस्तुति अपने आप में एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा महसूस की गई भावनाओं और यादों को समर्पित एक विशेष आयोजन है।
इम्तियाज अली ने अपनी आगामी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के बारे में बताया कि यह 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक प्रेम कहानी है। उस समय लाखों लोगों को अपने घर, परिवार और रिश्ते छोड़ने पड़े थे। कई लोग यह कहकर गए थे कि वे एक दिन वापस लौटेंगे। फिल्म उसी भावना और मानवीय संवेदनाओं को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान लोगों ने सिर्फ घर और जमीन ही नहीं खोई, बल्कि उनके रिश्ते और दिल भी टूट गए। यह फिल्म उन्हीं बिछड़े रिश्तों, अधूरी यादों और मानवीय जज्बातों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।
फिल्म की शूटिंग पंजाब के 14 जिलों में की गई है और इसमें पंजाब की संस्कृति, इतिहास और भावनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
No Comment! Be the first one.