अमृतसर में हवाला और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, अफगान नागरिक समेत चार गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

अमृतसर (पंजाब): अमृतसर पुलिस ने हवाला कारोबार और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक अफगान नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन आधुनिक पिस्तौल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले की जानकारी देते हुए गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विदेशी और अंतरराज्यीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह, शमशेर सिंह, गुरलाल सिंह और अफगान नागरिक इस्माइल खेल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मनजीत सिंह के खिलाफ पहले से हवाई फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद एसीपी (सेंट्रल), गेट हकीम थाना और इस्लामाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। विशेष अभियान के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ड्रोन से पहुंची थी हथियारों की खेप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियारों में कुछ के पाकिस्तान निर्मित होने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक हथियारों की खेप ड्रोन के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में गिराई गई थी, जिसे स्थानीय नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाया जाना था। जांच में यह भी सामने आया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों के कुछ युवाओं को मामूली रकम का लालच देकर इस तरह की गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।

ड्राई फ्रूट कारोबार की आड़ में हवाला नेटवर्क का शक

पुलिस के अनुसार इस्माइल खेल महाराष्ट्र के पुणे में सूखे मेवों का कारोबार करता है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इसी कारोबार की आड़ में हवाला नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान उसके अन्य राज्यों और विदेशों में फैले संपर्कों की जानकारी भी मिली है।

अन्य राज्यों में भेजी गईं टीमें

पुलिस ने पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए विभिन्न राज्यों में विशेष टीमें रवाना की हैं। अधिकारियों का कहना है कि हवाला लेन-देन, हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित विदेशी संपर्कों की गहन जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अमृतसर पुलिस आपराधिक और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल नेटवर्कों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और इस मामले में भी जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Read More News

रिम्स ट्रॉमा सेंटर में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में एक युवक की मौत...

Read More