News Saga Desk
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक बिना रुके देश की सेवा की है और वे भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद से नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा देने का काम किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र को अपनाते हुए वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। चौहान ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और गरीब, किसान, महिला तथा युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को भारत के पुनर्निर्माण का स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाले प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। चौहान ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगा तथा विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा।
No Comment! Be the first one.