अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: कोलकाता के रेड रोड पर भव्य आयोजन, पीएम मोदी का बड़ा संदेश

News Saga Desk

कोलकाता के रेड रोड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योगाभ्यास में भाग लिया। उनके साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, राज्यपाल आरएन रवि, राज्य सरकार के मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बसु, विधायक, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, योग साधक तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के दौरे और योग दिवस के मुख्य आयोजन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह रेड रोड पहुंचे और मंच से देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 21 जून वर्ष का वह दिन है, जब पृथ्वी के एक हिस्से में सबसे लंबा दिन होता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिलने के बाद इस दिन का महत्व और बढ़ गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योग सभी को जोड़ने का माध्यम है और आज 21 जून दुनिया के सबसे बड़े पर्वों में परिवर्तित हो चुका है।

पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, भागदौड़ और मानसिक चुनौतियों के बीच योग लोगों को संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन और प्राणायाम का सामूहिक प्रदर्शन भी किया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों में भी बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेड रोड का यह आयोजन देश के सबसे बड़े योग समारोहों में से एक माना गया, जहां लोगों ने एकजुट होकर योग के माध्यम से स्वास्थ्य, शांति और मानव कल्याण का संदेश दिया।

Read More News

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आध्यात्मिक स्थलों से मिलती है प्रेरणा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिरडी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार...

Read More