जमशेदपुर के जू में बाघिन के 3 शावकों को मिले नाम, 1900 सुझावों में हुआ चयन, अवनि-कायरा और शक्ति से होगी पहचान

जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में जन्मीं तीन बाघिनों का नामकरण हुआ। 1900 सुझावों में अवनि, कायरा और शक्ति नाम चुने गए।

News Saga Desk

जमशेदपुर: शहर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में जन्मीं तीन नन्ही बाघ शावकों को आखिरकार उनकी नई पहचान मिल गई है। मंगलवार को पार्क प्रबंधन ने तीनों शावकों के नामों की घोषणा की। अब इनकी पहचान अवनि, कायरा और शक्ति के नाम से होगी। खास बात यह है कि इन नामों का चयन नागरिकों से मिले सुझावों के आधार पर किया गया है।

दरअसल, तीनों बाघ शावकों का जन्म 23 सितंबर 2026 को हुआ था। इनके नामकरण के लिए पार्क प्रबंधन की ओर से विशेष अभियान चलाया गया था। इसमें जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान के दौरान 650 से अधिक लोगों ने व्हाट्सऐप और डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से करीब 1,900 नाम सुझाए।

शुरुआत में एक शावक को माना गया था नर

नामकरण अभियान की शुरुआत में तीन शावकों में से एक को नर माना गया था। इसी वजह से पार्क प्रबंधन ने लोगों से नर और मादा दोनों के नामों के सुझाव मांगे थे। हालांकि, नवजात बाघ शावकों की शुरुआती अवस्था में उनके लिंग की पहचान करना आसान नहीं होता। बाहरी जननांग पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने के कारण शुरुआती अनुमान गलत साबित हुआ। बाद में जांच में पुष्टि हुई कि तीनों शावक मादा हैं।

इसके बाद नामों के चयन की प्रक्रिया में केवल मादा शावकों के लिए मिले सुझावों को शामिल किया गया।

जानिए क्या है तीनों नामों का अर्थ

नागरिकों से मिले सुझावों की समीक्षा के बाद पार्क प्रबंधन ने तीन नामों पर मुहर लगाई है।

  • अवनि: इस नाम का अर्थ धरती है। इसे तीन लोगों ने सुझाया था।
  • कायरा: इस नाम का अर्थ शांतिपूर्ण, अद्वितीय और पवित्र बताया गया है। इसे चार लोगों ने सुझाया।
  • शक्ति: यह नाम नारी शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक है। इसे सबसे अधिक 14 लोगों ने सुझाया था।

नाम सुझाने वाले नागरिकों को मिलेगी सूचना

टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन जल्द ही उन नागरिकों को सूचित करेगा, जिनके सुझाए गए नामों को तीनों बाघिनों के लिए चुना गया है। प्रबंधन ने नामकरण अभियान में लोगों की सक्रिय भागीदारी और बड़ी संख्या में सुझाव देने के लिए सभी का आभार जताया है।

पार्क प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की पहल से जूलॉजिकल पार्क और शहरवासियों के बीच जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही वन्यजीवों के प्रति जागरूकता, शिक्षा और संरक्षण की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। अब टाटा जू आने वाले पर्यटक तीनों नन्ही बाघिनों को अवनि, कायरा और शक्ति के नाम से जान सकेंगे।

Read More News

धुर्वा डैम मर्डर केस का खुलासा, शराब पार्टी के बाद दोस्तों ने ही की बिट्टू सिंह की हत्या, दो गिरफ्तार

रांची के धुर्वा डैम के पास मिले 31 वर्षीय बिट्टू सिंह के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।...

Read More