धनबाद के कोयला क्षेत्र में अधिकारियों-अपराधियों की गठजोड़ के खिलाफ कोर्ट जाएगी आजसू: सुदेश महतो

NEWS SAGA DESK

धनबाद आक्रोश रैली आजसू पार्टी ने सोमवार को अपना 39वां स्थापना दिवस धनबाद में आक्रोश रैली और जनसभा के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो और गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार, पुलिस प्रशासन तथा खनन क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली के दौरान नेताओं ने कोयला क्षेत्र में अधिकारियों और अपराधियों के बीच गठजोड़ का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।

सुदेश महतो आक्रोश मार्च शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) से शुरू हुआ और रणधीर वर्मा चौक, पुलिस लाइन होते हुए कोयला नगर स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स मैदान पहुंचा। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच निकली इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। नेहरू कॉम्प्लेक्स मैदान पहुंचने के बाद रैली जनसभा में तब्दील हो गई, जहां नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

सभा को संबोधित करते हुए गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बालू, लोहा और कोयला जैसे प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े क्षेत्रों में भ्रष्टाचार और लूट अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को प्रखंड कार्यालयों में भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और सरकारी व्यवस्था जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।

चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के बावजूद युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल सके हैं। इसके कारण बड़ी संख्या में युवाओं को पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर यह संकल्प लेती है कि वह आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार और माफिया तंत्र के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने भ्रष्टाचार और पलायन रोकने के लिए सरकार से ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इसे भी देखें:https://youtube.com/shorts/QVdkLnRpYew?si=0pgqxaZ0puNXodFV

वहीं पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र को संघर्ष और बलिदान की धरती बताते हुए कहा कि यहां के मजदूरों और स्थानीय लोगों ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन की भावना को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए अब एक बड़े जनआंदोलन की आवश्यकता है।

सुदेश महतो ने प्रशासनिक अधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा लोगों को केस-मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है तो इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद और आसपास के कोयला क्षेत्रों में अधिकारियों और अपराधियों के बीच जिस प्रकार की कथित सांठगांठ दिखाई दे रही है, वह पहले कभी देखने को नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के बजाय कुछ पैसों का लालच देकर पेड वर्कर बनाया जा रहा है, जिससे सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने बीसीसीएल और खनन क्षेत्रों में कार्यरत प्रशासनिक तंत्र की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासनिक सिंडिकेट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सुदेश महतो ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार इन मामलों की जांच और कार्रवाई के लिए आगे नहीं आती है तो आजसू पार्टी न्यायालय का सहारा लेगी। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी धनबाद और आसपास के कोयला क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनेगी और प्रत्येक मुद्दे पर आंदोलन चलाएगी।

अपने संबोधन में उन्होंने धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण, क्षेत्रीय आर्थिक विकास, प्रदूषण नियंत्रण और खनन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि धनबाद को उसके अधिकार और विकास का उचित हिस्सा मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिलने वाली राशि के उपयोग पर भी सवाल खड़े किए।

युवाओं को संबोधित करते हुए आजसू अध्यक्ष ने अपील की कि वे गलत व्यवस्था का हिस्सा बनने से बचें और समाज के हित में संघर्ष की भावना को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और 42 डिग्री तापमान के बीच पांच किलोमीटर लंबी पदयात्रा में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि जनता के भीतर व्यवस्था के खिलाफ गहरा आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि नए झारखंड के निर्माण और जनसंघर्ष की नई शुरुआत धनबाद की धरती से होगी।

कार्यक्रम में मांडू विधायक तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता, हरेलाल महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन,...

मुहर्रम की सातवीं पर मेदनीनगर में निकला भव्य जुलूस, ‘या हसन-या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर

मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला...

Read More