पद्म पुरस्कार समारोह 2026: अलका याग्निक, रोहित शर्मा सहित 65 हस्तियों को मिला सम्मान

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में मंगलवार को द्वितीय पद्म पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में कला, साहित्य, खेल, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड आंदोलन के प्रमुख शिल्पकार और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया, जिसे उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दिवंगत जननेता को श्रद्धांजलि दी।

शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन आदिवासी-मूलवासी समुदायों के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया था। उनके नेतृत्व में चले लंबे आंदोलन ने अलग झारखंड राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त किया। उनके योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया।

समारोह में भारतीय संगीत जगत की प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। दशकों से अपनी मधुर आवाज के जरिए हिंदी सिनेमा और भारतीय संगीत को समृद्ध बनाने वाली अलका याग्निक का यह सम्मान उनके लंबे और सफल संगीत करियर की उपलब्धियों का प्रतीक माना जा रहा है।

वहीं, भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म भूषण प्रदान किया। भारतीय टेनिस को वैश्विक पहचान दिलाने और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

सम्मान प्राप्त करने वाली हस्तियों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, प्रसिद्ध अभिनेता ममूटी, छायाकार नूरुद्दीन अहमद सहित कई अन्य नाम भी शामिल रहे। छायाकार नूरुद्दीन अहमद को उनके उत्कृष्ट फोटोग्राफी योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस समारोह में देश के कई शीर्ष नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। इन्हें तीन श्रेणियों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री में प्रदान किया जाता है। ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, समाज सेवा, व्यापार एवं उद्योग, खेल और लोक प्रशासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिए जाते हैं।

हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाती है और बाद में राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में सम्मान प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों की 65 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित कर देश ने उनके योगदान को नमन किया।

Read More News

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान, पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया पुरस्कार

झारखंड आंदोलन के जननायक और झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान से नवाजा गया। नई...

संथाल परगना दौरे पर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी, मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर दिया जोर

राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने...

पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा...

Read More