NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिन्द महासागर के द्वीपीय देश सेशेल्स की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में भाग लेने के लिए 27 से 29 जून तक तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की राजकीय यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री इससे पहले वर्ष 2015 में सेशेल्स की यात्रा कर चुके हैं। समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी भाग लेंगे, जो दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा सहयोग को दर्शाएंगे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत और सेशेल्स के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय असेंबली को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह वहां रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर उनसे संवाद भी करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाएगी। साथ ही दोनों देशों की साझा विकास और सहयोग संबंधी प्रतिबद्धताओं को नई गति मिलेगी।
भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क आधारित घनिष्ठ संबंध रहे हैं। हिन्द महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार माना जाता है। भारत की ‘विजन महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) तथा ‘ग्लोबल साउथ’ की नीति में भी सेशेल्स का विशेष महत्व है।
मंत्रालय ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ हिन्द महासागर क्षेत्र में सहयोग, सुरक्षा और विकास की साझी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
No Comment! Be the first one.