NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली :- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पानीपत-जालंधर खंड स्थित घरौंडा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग प्रणाली शुरू कर दी है। इस नई तकनीक के लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल भुगतान के लिए न तो रुकना पड़ेगा और न ही अपनी गति कम करनी होगी।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि घरौंडा टोल प्लाजा हरियाणा का पहला ऐसा टोल प्लाजा बन गया है, जहां बैरियर-रहित और प्रौद्योगिकी आधारित टोल संग्रह प्रणाली लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत वाहन बिना किसी अवरोध के टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे और फास्टैग के माध्यम से टोल राशि स्वतः कट जाएगी।
मंत्रालय के अनुसार, मल्टी-लेन फ्री फ्लो प्रणाली का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों को समाप्त करना, यात्रा समय कम करना और यातायात को अधिक सुगम बनाना है। इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
एनएचएआई इससे पहले गुजरात के चोर्यासी, दिल्ली के मुंडका और राजस्थान के दौलतपुरा टोल प्लाजा पर भी मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू कर चुका है। घरौंडा टोल प्लाजा पर इसका कार्यान्वयन देश के राजमार्ग नेटवर्क को अधिक आधुनिक, कुशल और तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्राधिकरण का मानना है कि इस प्रणाली के विस्तार से भविष्य में देशभर के राजमार्गों पर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने और डिजिटल टोल संग्रह व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
No Comment! Be the first one.