पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यालय और दानापुर के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और साइबर टीम जांच में जुटी, सुरक्षा बढ़ाई गई।
News Saga Desk
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एक धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यालय के साथ दानापुर क्षेत्र के चार प्रमुख स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया तथा सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
धमकी मिलने के बाद संबंधित स्कूलों में तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए। स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुरक्षित परिसर से बाहर निकाला और कक्षाएं स्थगित कर दीं। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू की।

जानकारी के अनुसार, जिन शिक्षण संस्थानों को धमकी मिली है उनमें दानापुर कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, रेडिएंट स्कूल, चांदमारी रोड स्थित स्कूल परिसर तथा डीपीएस के सीनियर और जूनियर विंग शामिल हैं। ईमेल में इन संस्थानों को निशाना बनाने का दावा किया गया है।
जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में खुद को खालिस्तान समर्थक संगठन से जुड़ा बताया गया है। हालांकि, इस दावे की अब तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस ने साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश किसने और कहां से भेजा। साथ ही पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इसे भी देखे- रांची में Sonam Wangchuk के समर्थन में प्रदर्शन | शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी
फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
No Comment! Be the first one.