ओडिशा के चंपुआ में इलाज के लिए जा रहे परिवार की थार एनएच-20 पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है।
ओडिशा के चंपुआ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (एनएच-20) पर तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़ थाना क्षेत्र के सिजुकला गांव का एक परिवार एक मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा के रजिया के पास एनएच-20 पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और थार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई।
वाहन के परखच्चे उड़े
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर चंपुआ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
तीन शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवागमन सामान्य कराया।
No Comment! Be the first one.