Hockey World Cup 2026 में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराया। हरमनप्रीत और दिलप्रीत ने गोल किए, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड की वापसी से भारत को हार मिली।
Hockey World Cup 2026: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ एक बार फिर निराशा हाथ लगी। पूल-D के मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से शिकस्त दी। इस हार के साथ विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की जीत का इंतजार और लंबा हो गया है। भारत ने आखिरी बार 1994 में विश्व कप के मुकाबले में इंग्लैंड को हराया था। मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की पहली हार है।

भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने गोल किए। भारतीय टीम ने मुकाबले के पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया और लगातार तीन गोल करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले हाफ में भारत का दबदबा
मुकाबले की शुरुआत भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में की। सातवें मिनट में जरमनप्रीत सिंह के पास भारत को बढ़त दिलाने का अच्छा मौका था, लेकिन वह इसे गोल में नहीं बदल सके। इसके बाद 14वें मिनट में इंग्लैंड ने काउंटर अटैक का फायदा उठाया। निक बांडुरक ने भारतीय गोलकीपर मोहित को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।
भारत ने जल्द ही वापसी की। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने शानदार फिनिश के साथ भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने अपनी बढ़त कायम रखी। पहले हाफ में भारत ने बेहतर आक्रमण और गेंद पर नियंत्रण के जरिए इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा। इस समय तक मुकाबला भारत के पक्ष में जाता हुआ दिखाई दे रहा था।
दूसरे हाफ में पलट गया पूरा खेल
दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने अपनी रणनीति बदली और भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाना शुरू कर दिया। तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने भारतीय सर्किल में लगातार प्रवेश किया और भारत को रक्षात्मक होने के लिए मजबूर किया।
इसे भी देखें...रांची सदर अस्पताल में देवेंद्र नाथ समेत आंदोलनकारियों का अनशन खत्म, मंत्री ने पिलाया जूस | Ranchi
39वें मिनट में स्टुअर्ट रशमेयर ने गोल करके इंग्लैंड को 2-2 की बराबरी दिला दी। इसके कुछ ही मिनट बाद 44वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 की बढ़त दिला दी।
भारत ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। भारतीय खिलाड़ियों की कुछ छोटी-छोटी गलतियों का इंग्लैंड ने पूरा फायदा उठाया। मैच के अंतिम दौर में भारत पर दबाव और बढ़ गया।
मैच खत्म होने से कुछ मिनट पहले निक बांडुरक ने अपना दूसरा गोल किया और इंग्लैंड की जीत लगभग पक्की कर दी। इस तरह इंग्लैंड ने 4-2 से मुकाबला जीतकर पूल-D में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
No Comment! Be the first one.