NEWS SAGA DESK
पटना में 19 अगस्त से छात्र आंदोलन शुरू होने की तैयारी है। BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन, भर्ती में पारदर्शिता और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत कई मांगें उठेंगी।
पटना: दिल्ली और रांची में छात्र आंदोलनों के बाद अब बिहार में भी अभ्यर्थियों के आंदोलन की तैयारी तेज हो गई है। पटना में बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष और छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की तैयारी में हैं। इस प्रदर्शन को ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ नाम दिया गया है।
अभ्यर्थियों की ओर से BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता समेत कई मांगें उठाई जा रही हैं। मंगलवार से ही पटना के गर्दनीबाग इलाके में अभ्यर्थियों के जुटने का सिलसिला शुरू होने की बात कही गई है।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज
छात्र नेताओं का कहना है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लेती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अभ्यर्थियों के मुताबिक, BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन को लेकर लंबे समय से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अब तक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं हुआ है।
छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि भर्ती परीक्षा के पैटर्न में बदलाव को लेकर भी अभ्यर्थियों में नाराजगी है। उनके मुताबिक, पहले शिक्षक भर्ती में सिर्फ प्रारंभिक परीक्षा की व्यवस्था थी, जबकि अब मुख्य परीक्षा को भी शामिल किया जा रहा है। छात्रों की मांग है कि नया पैटर्न TRE-4 के बजाय TRE-5 से लागू किया जाए।
इसे भी देखें:-JSSC-CGL परीक्षा रद्द! हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा फैसला, 24 दिन बाद छात्रों को बड़ी राहत
लालू प्रसाद ने छात्रों से की एकजुट होने की अपील
इस बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने भी अभ्यर्थियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए छात्रों से 19 अगस्त को पटना में एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाया और छात्रों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
तेजस्वी यादव भी करेंगे मार्च
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी 19 अगस्त को पटना में मार्च निकालने का ऐलान किया था। उनके मुताबिक, यह मार्च वीरचंद पटेल पथ स्थित RJD कार्यालय से लोकभवन तक प्रस्तावित है। इसमें पार्टी के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है। तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि बिहार को पुलिसिया राज्य में बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
किन मांगों को लेकर आंदोलन?
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में BPSC TRE-4 का विज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, BSSC परीक्षा की तारीख घोषित करने, लाइब्रेरियन भर्ती, BET, दारोगा और सिपाही भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है। अब नजर इस बात पर है कि अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं
No Comment! Be the first one.