योगी आदित्यनाथ वाराणसी में करेंगे पोषण माह का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी में पोषण माह का शुभारंभ करेंगे। रुद्राक्ष सेंटर में कार्यक्रम के बाद 10 हजार महिलाओं का सम्मान और मंदिर दर्शन होगा।

News Saga Desk

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री शहर के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रदेशव्यापी पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री काशी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर पिंडरा ब्लॉक की करीब 10 हजार कामकाजी महिलाओं के सम्मान समारोह में शामिल होंगे।

रुद्राक्ष सेंटर में पोषण माह का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ ही देर में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां प्रदेशव्यापी पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुपोषित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पोषण, बाल विकास और आंगनबाड़ी व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।

 पोषण माह

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी। उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण और प्रारंभिक बाल विकास के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में मजबूत करना है।

चार प्रमुख विषयों पर रहेगा फोकस

इस वर्ष के पोषण माह अभियान के दौरान चार प्रमुख विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही और बच्चों के विकास के लिए पोषण के साथ प्रारंभिक उद्दीपन शामिल हैं।

इन विषयों के जरिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के बीच संतुलित आहार और बेहतर पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को भी अभियान में प्रमुखता दी जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर समुदाय की भागीदारी बढ़ाई जा सके।

इसे भी देखे- भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 24 जिलों के बाद पहुंचेगी Ranchi, 11 सितंबर को बड़ा ऐलान | 

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सख्त

मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे को देखते हुए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर की ओर से मंगलवार रात ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे।

मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान शहर के कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। लोगों को असुविधा से बचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ मुख्यमंत्री के निर्धारित रूट पर भी तैनात रहेंगी।

Read More News

Read More