देवघर के गौरव कुमार ने वैश्विक फिनटेक में पहचान बनाई। GFF 2026 में PM मोदी ने यूबी का करीब 15 मिनट तक प्रेजेंटेशन सुना। जानें पूरी कहानी।
News Saga Desk
झारखंड के देवघर से निकलकर वैश्विक फिनटेक की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले गौरव कुमार की सफलता इन दिनों चर्चा में है। मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी कंपनी यूबी के कामकाज और तकनीकी नवाचारों का करीब 15 मिनट तक प्रेजेंटेशन सुना। छोटे शहर से शुरू हुई गौरव कुमार की कारोबारी यात्रा अब देश के बड़े वित्तीय-तकनीकी मंच तक पहुंच चुकी है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से देश की चुनिंदा आठ प्रमुख फिनटेक कंपनियों के संस्थापक और सीईओ को बातचीत एवं प्रेजेंटेशन के लिए चुना गया था। इसी क्रम में यूबी के संस्थापक और सीईओ गौरव कुमार को भी प्रधानमंत्री के सामने अपनी कंपनी के कारोबार और तकनीकी मॉडल को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उनके लिए यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यूबी वित्तीय सेवाओं में तकनीक के इस्तेमाल के जरिए क्रेडिट और लेंडिंग के क्षेत्र में काम कर रही है।
देवघर से शुरू हुआ गौरव कुमार का सफर
गौरव कुमार का देवघर से गहरा पारिवारिक संबंध रहा है। उनके पिता डॉ. सुधीर कुमार देवघर के जाने-माने चिकित्सकों में शामिल रहे हैं। चिकित्सा और शिक्षा से जुड़े पारिवारिक माहौल के बावजूद गौरव ने अपना करियर वित्तीय तकनीक के क्षेत्र में बनाने का फैसला किया।
देवघर और सारठ से जुड़े पारिवारिक संबंधों के बीच पले-बढ़े गौरव ने आगे चलकर तकनीक और वित्तीय सेवाओं के बीच की संभावनाओं को पहचाना। यही सोच उनके उद्यमशील सफर की आधार बनी। उनकी कहानी यह भी बताती है कि सफल स्टार्टअप और बड़े कारोबारी विचार केवल महानगरों से ही नहीं निकलते।
2020 में क्रेड ऐवेन्यू से हुई शुरुआत
वर्ष 2020 में क्रेड ऐवेन्यू के रूप में गौरव कुमार के उद्यमशील सफर की महत्वपूर्ण शुरुआत हुई। कंपनी का उद्देश्य बैंकों, एनबीएफसी, निवेशकों और कारोबारियों के बीच क्रेडिट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तकनीक की मदद से आसान और अधिक प्रभावी बनाना था।

पारंपरिक ऋण व्यवस्था में मौजूद कई जटिलताओं को डिजिटल तकनीक के जरिए कम करने की दिशा में कंपनी ने काम किया। इस मॉडल ने धीरे-धीरे वित्तीय क्षेत्र के निवेशकों और संस्थानों का ध्यान आकर्षित किया।
इसे भी देखे- Ranchi University का 39वां दीक्षांत समारोह कल, 58 छात्रों को 71 Gold Medal | 3353 को Degree
137 मिलियन डॉलर की फंडिंग से यूनिकॉर्न तक
क्रेड ऐवेन्यू ने अपने विस्तार के दौरान तेजी से प्रगति की। वर्ष 2022 में कंपनी ने 137 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई। इसके बाद कंपनी करीब 1.3 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हुई।
यह पड़ाव गौरव कुमार के कारोबारी सफर में बेहद महत्वपूर्ण रहा। इससे कंपनी की बाजार में स्थिति मजबूत हुई और गौरव का नाम देश के तेजी से उभरते फिनटेक उद्यमियों में शामिल होने लगा।
बाद में क्रेड ऐवेन्यू का नाम बदलकर यूबी कर दिया गया। समय के साथ कंपनी का काम डिजिटल लेंडिंग से आगे बढ़कर लेंडिंग, क्रेडिट एवं रिस्क, कलेक्शन, फिक्स्ड इनकम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित वित्तीय तकनीक तक विस्तारित हुआ।
No Comment! Be the first one.