1999 में रूपी सोरेन ने बाबूलाल के खिलाफ लड़ा था चुनाव, निधन पर बाबूलाल मरांडी ने जताया दुख

रूपी सोरेन के निधन पर बाबूलाल मरांडी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

News Saga Desk

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने रूपी सोरेन के निधन को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रूपी सोरेन जी के साथ उनकी मुलाकात की कोई विशेष स्मृति उन्हें याद नहीं है। उन्होंने बताया कि पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान अक्सर उनकी बातचीत दिवंगत शिबू सोरेन, दिवंगत दुर्गा सोरेन और हेमंत सोरेन से ही होती रही।

हालांकि बाबूलाल मरांडी ने 1999 का जिक्र करते हुए कहा कि 1999 के लोकसभा चुनाव में रूपी सोरेन उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरी थीं। यह मुकाबला बेहद करीबी था। बतौर केंद्रीय मंत्री बाबूलाल मरांडी इस चुनाव में सिर्फ 4,648 मतों के बहुत कम अंतर से विजयी हुए थे। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान हो।

रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से लगातार शोक संवेदनाएं सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति विभिन्न दलों के नेताओं ने संवेदना व्यक्त की है।

Read More News

Read More