ट्रिपल आईटी रांची में छात्र की मौत पर बवाल, NHRC ने लिया संज्ञान

NEWS SAGA DESK

ट्रिपल आईटी रांची के छात्र आदित्य की हॉस्टल में मौत के मामले की पूरी जानकारी। खराब लिफ्ट, एंबुलेंस में ड्राइवर व ऑक्सीजन की कमी, छात्रों का प्रदर्शन, पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी और एनएचआरसी के संज्ञान से जुड़ी हर अपडेट पढ़ें।

रांची के खेलगांव हाउसिंग स्थित ट्रिपल आईटी (IIIT Ranchi) के हॉस्टल में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) ब्रांच के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य (20 वर्ष) की असामयिक मौत ने संस्थान की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले आदित्य ने शनिवार की रात करीब 11:30 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर जान दे दी। इस घटना के बाद से छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है, और संस्थान की लचर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

रांची के खेलगांव हाउसिंग स्थित ट्रिपल आईटी

घटना की रात हॉस्टल ब्लॉक-1 के पांचवें तल्ले पर स्थित कमरा नंबर 504 बी में यह दुखद वाकया हुआ। खाना खाने के बाद आदित्य अपने कमरे में गया था। इसी दौरान बिजली कट गई। रूममेट द्वारा दरवाजा खटखटाने पर जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो साथियों ने धक्का देकर दरवाजा तोड़ा। अंदर आदित्य को पंखे से लटका पाया गया। इसके बाद छात्रों ने उसे तुरंत नीचे लाने का प्रयास किया, लेकिन आधे घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने और जनरेटर न चलने के कारण लिफ्ट बंद थी। छात्रों को पांचवें तल्ले से छात्र को सीढ़ियों के सहारे नीचे लाना पड़ा, जिससे कीमती समय बर्बाद हुआ।

परिजनों और छात्रों का आरोप है कि मेडिकल इमरजेंसी के समय हॉस्टल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में न तो ड्राइवर मौजूद था और न ही ऑक्सीजन सिलेंडर की कोई व्यवस्था थी। इसके अलावा हॉस्टल में कोई मेडिकल स्टाफ भी मौजूद नहीं था, जिससे आदित्य को समय पर प्राथमिक उपचार या सीपीआर नहीं मिल सका। नजदीकी भगवान महावीर मनिपाल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आदित्य के पिता विष्णुदेव कुमार राय, जो पटना पुलिस कंट्रोल रूम में दारोगा के पद पर तैनात हैं, ने खेलगांव थाना में संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव और प्रबंधन के अन्य कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

रविवार सुबह करीब 10:30 बजे से आक्रोशित विद्यार्थियों ने खेलगांव हाउसिंग सोसाइटी के बाहर टाटीसिल्वे-खेलगांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों की प्रमुख मांग संस्थान के निदेशक के तत्काल इस्तीफे की थी। मौके पर पहुंचे निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने अनियमितता मिलने पर जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी इस मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। तीन भाइयों में मंझले आदित्य की इस अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, और हर कोई न्याय की मांग कर रहा है।

Read More News

Read More