JTET 2026 की पहली पाली की परीक्षा रांची समेत झारखंड के विभिन्न केंद्रों पर शुरू हो गई है। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।
News Saga Desk
रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) को लेकर राज्यभर में परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की हलचल जारी है। रविवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू हो गई है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली गई। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
राज्य के विभिन्न जिलों में परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने कदाचार रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती है।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से
पहली पाली की परीक्षा संपन्न होने के बाद दूसरी पाली का आयोजन किया जाएगा। दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसका निर्धारित समय दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक है।
JTET परीक्षा में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, किताबें और नोट्स समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक है। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रांची समेत विभिन्न जिलों में निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
लंबे इंतजार के बाद हो रही JTET परीक्षा
गौरतलब है कि झारखंड में करीब 10 साल के लंबे अंतराल के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में राज्यभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। अब सभी की नजर पहली पाली की परीक्षा के सफल समापन और दूसरी पाली के आयोजन पर टिकी है।
No Comment! Be the first one.