लातेहार के बरवाडीह स्थित प्राचीन पहाड़ी मंदिर में शनिवार रात चोरी हुई। चोर मां पार्वती का मुकुट और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
News Saga Desk
झारखंड के लातेहार जिले में चोरों ने एक प्रसिद्ध प्राचीन पहाड़ी मंदिर को निशाना बनाया है। बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित मंदिर परिसर के मां पार्वती मंदिर से शनिवार रात चोर मां पार्वती का मुकुट समेत कई अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मंदिर के पुजारी मृत्युंजय मिश्रा के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। रविवार सुबह जब वे मंदिर पहुंचे, तब उन्हें सामान गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों को घटना की सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान में जुटी पुलिस
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। बरवाडीह थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने की बात कही है। मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गए मुकुट समेत अन्य सामान की जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.